बालोद: छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में इन दिनों एक अनूठी शादी चर्चा का केंद्र बनी हुई है। दूल्हा वेद प्रकाश अपनी दुल्हन दीपांजलि को लेने के लिए बंद गाड़ियों के बजाय खुले ट्रैक्टरों का काफिला लेकर निकला। ट्रैक्टरों का यह स्वैग, जो आमतौर पर पंजाब और हरियाणा जैसे राज्यों में देखने को मिलता है, बालोद जिले में भी खूब छाया रहा।
यह बारात साल्हे गांव से भाटा गांव बी के लिए रवाना हुई थी और बारातियों का स्वागत भी बड़े ही उत्साह के साथ किया गया। अब इस शादी का वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है।
जब दूल्हे वेद प्रकाश से इस अनोखे अंदाज के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने बताया कि उनकी पत्नी दीपांजलि ने उनसे कुछ अलग और यादगार तरीके से घर लाने की इच्छा जताई थी। इसलिए उन्होंने ट्रैक्टरों का काफिला चुना, क्योंकि ट्रैक्टर किसानों की शान होते हैं।
ट्रैक्टरों पर सवार होकर निकले दूल्हे और बारातियों ने रास्ते में खूब मौज-मस्ती की। राहगीर भी इस अनोखी बारात को देखकर हैरान रह गए, क्योंकि आजकल शादियों में लोग आमतौर पर एयर कंडीशनर गाड़ियों में जाना पसंद करते हैं। दूल्हा वेद प्रकाश जरूर सजे हुए थे, लेकिन उनकी सवारी और उनके बारातियों की सवारी ट्रैक्टर थे, जिसने इस शादी को वाकई यादगार बना दिया।
