भोपाल: राजधानी भोपाल में तेज रफ्तार और लापरवाही का एक और मामला सामने आया है, जहां एक अनियंत्रित कार ने नाश्ता कर रहे तीन दोस्तों को कुचल दिया। यह घटना 30 मई की सुबह करीब 4:00 बजे न्यू मार्केट की सड़क पर हुई, जिसका दिल दहला देने वाला दृश्य सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया है।
हादसे में तीनों दोस्तों को हाथ-पैर में गंभीर चोटें आई हैं, जिनमें से दो की हालत नाजुक बताई जा रही है, जबकि एक दोस्त बाल-बाल बच गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार में तीन से चार युवक सवार थे, जो कथित तौर पर नशे में धुत थे। उन्होंने रॉन्ग साइड से आकर नाश्ता कर रहे युवकों को कुचल दिया। घटना को अंजाम देने के बाद कार सवार मौके से फरार हो गए।
यह मामला टीटी नगर थाना इलाके का है। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। जांच के दौरान पुलिस को वाहन चालक का एक मोबाइल भी मिला है, जो आरोपियों तक पहुंचने में मददगार साबित हो सकता है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और मिले मोबाइल के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुट गई है।
