itel ने भारतीय बाजार में 10,000 रुपये से कम कीमत वाले स्मार्टफोन सेगमेंट में अपना नया itel Zeno 100 Pro लॉन्च कर दिया है। कंपनी ने इस स्मार्टफोन को उन ग्राहकों को ध्यान में रखकर पेश किया है जो पहली बार स्मार्टफोन खरीदना चाहते हैं या कम बजट में एक सेकेंडरी डिवाइस की तलाश कर रहे हैं। इसकी कीमत ₹8,599 रखी गई है और यह Amazon पर बिक्री के लिए उपलब्ध है। इसके साथ कंपनी ने itel Zeno 20,000mAh और itel Zeno 10,000mAh Power Bank भी लॉन्च किए हैं।
itel Zeno 100 Pro को Comet Orange, Black और Cloud White रंग विकल्पों में पेश किया गया है। सभी वेरिएंट MIL-STD-810H Military Grade Certification के साथ आते हैं, जिसके बारे में कंपनी का दावा है कि यह फोन को सामान्य गिरने और झटकों से बेहतर सुरक्षा प्रदान करता है।
फोन में 6.6 इंच का HD+ डिस्प्ले दिया गया है, जो 90Hz रिफ्रेश रेट को सपोर्ट करता है। बेहतर ऑडियो अनुभव के लिए इसमें DTS साउंड टेक्नोलॉजी वाला स्पीकर दिया गया है। इसके अलावा Dynamic Bar फीचर कॉल, नोटिफिकेशन और बैटरी से जुड़ी जानकारी स्टेटस बार में दिखाता है।
फोटोग्राफी के लिए स्मार्टफोन में 8 मेगापिक्सल का रियर कैमरा और 5 मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा दिया गया है। इसके साथ IR Blaster फीचर भी मिलता है, जिसकी मदद से AC, TV और अन्य घरेलू उपकरणों को नियंत्रित किया जा सकता है।
परफॉर्मेंस के लिए इसमें Unisoc T7100 प्रोसेसर दिया गया है। फोन में 3GB रैम मिलती है, जिसे RAM Booster फीचर के जरिए 5GB तक बढ़ाया जा सकता है। इसके अलावा 64GB इंटरनल स्टोरेज दी गई है। यह स्मार्टफोन Android 15 Go Edition पर चलता है।
बैटरी की बात करें तो इसमें 5,000mAh की बैटरी दी गई है, जो 10W चार्जिंग को सपोर्ट करती है। कंपनी बॉक्स में ही चार्जर भी उपलब्ध करा रही है। कंपनी के अनुसार, यह डिवाइस कॉलिंग, WhatsApp, सोशल मीडिया और वीडियो देखने जैसे रोजमर्रा के कार्यों के लिए उपयुक्त है। 10,000 रुपये से कम कीमत वाले इस सेगमेंट में 5G उपलब्ध न होने के कारण इसे 4G स्मार्टफोन के रूप में लॉन्च किया गया है।
स्मार्टफोन के साथ कंपनी ने दो नए पावर बैंक भी पेश किए हैं। itel Zeno 20,000mAh Power Bank की कीमत ₹2,299 रखी गई है। इसमें 45W फास्ट चार्जिंग, 36 सेंटीमीटर बिल्ट-इन Type-C केबल, डिजिटल डिस्प्ले, ड्यूल आउटपुट पोर्ट और PD 3.0, QC 3.0 तथा Apple 2.4A का सपोर्ट मिलता है। इसका वजन 310 ग्राम है और कंपनी के अनुसार इससे स्मार्टफोन, टैबलेट और लैपटॉप चार्ज किए जा सकते हैं।
वहीं itel Zeno 10,000mAh Power Bank की कीमत ₹1,399 है। इसमें 22.5W फास्ट चार्जिंग, डिजिटल बैटरी डिस्प्ले, ड्यूल आउटपुट पोर्ट और बॉक्स में 3A Type-C केबल दी गई है। इसका वजन 176 ग्राम है और इसे पॉकेट-फ्रेंडली डिजाइन के साथ पेश किया गया है। दोनों पावर बैंक Amazon पर बिक्री के लिए उपलब्ध हैं।
