राष्ट्रपति ट्रम्प ने भारत-पाकिस्तान पर रामफोसा के साथ अपनी बैठक के दौरान कहा, “अगर आप देखें कि हमने पाकिस्तान और भारत के साथ अभी क्या किया है। हमने उस पूरे मामले को सुलझा लिया है और मुझे लगता है कि यह ‘व्यापार’ के ज़रिए सुलझाया गया है। हम भारत के साथ एक बड़ा सौदा कर रहे हैं, पाकिस्तान के साथ एक बड़ा सौदा कर रहे हैं। और मैंने कहा कि आप लोग क्या कर रहे हैं, किसी को तो आख़िरी में गोली चलानी ही थी लेकिन गोलीबारी बद से बदतर होती जा रही थी।”
ट्रम्प ने आगे कहा, “पाकिस्तान में कुछ बेहतरीन लोग हैं और भारत में मेरे दोस्त मोदी हैं, वह एक महान व्यक्ति हैं।”
बिना पहलगाम की घटना को याद किए या फिर आतंकवाद की चर्चा के बगैर राष्ट्रपति ट्रम्प ने एक बार फिर दोहराया कि उन्होंने भारत और पाकिस्तान के बीच की समस्या का हल निकाल दिया है।
रामफोसा के साथ Oval Office में प्रेस के सवालों का जवाब देते हुए ट्रम्प ने दावा किया कि उन्होंने भारत और पाकिस्तान की समस्या को दोनों देशों को व्यापार के प्रस्ताव देकर ‘settle’ कर दिया।
उन्होंने एक बार फिर भारत और पाकिस्तान को एक तराजू पर तौलते हुए कहा कि दोनों देशों के साथ अमेरिका बड़ी व्यापारिक डील कर रहा है। ट्रम्प ने प्रधानमंत्री मोदी को अपना मित्र बताया, लेकिन साथ ही यह भी जोड़ा कि पाकिस्तान के नेता भी महान व्यक्ति हैं।
Oval Office में दो राष्ट्रपतियों की चर्चा के दौरान प्रधानमंत्री मोदी का बड़े सम्मान से उल्लेख हुआ — ट्रम्प जब मोदी को अपना दोस्त बता रहे थे, तब राष्ट्रपति रामाफोसा ने बीच में हस्तक्षेप करते हुए कहा, “मोदी mutual friend हैं, यानी हम दोनों के दोस्त।”
