Ketan Agarwal Murder Case: एक्टर और पॉलिटिशियन कंगना रनौत ने केतन अग्रवाल मामले पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। सिया गोयल के पिता के हालिया बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि इस घटना के लिए माता-पिता को दोषी नहीं ठहराया जा सकता। कंगना का कहना है कि आज के दौर में सोशल मीडिया और AI बच्चों की सोच और व्यवहार को प्रभावित कर रहे हैं, इसलिए केवल परिवार को देखकर उनके संस्कारों का आकलन नहीं किया जा सकता।
कंगना रनौत ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक हेडलाइन साझा की, जिसमें सिया गोयल के पिता का बयान था, “अगर मेरी बेटी ने केतन को मारा है, तो उसे उसी किले से नीचे फेंक दो।” इस पर प्रतिक्रिया देते हुए कंगना ने लिखा कि आज के समय में यह अधिक महत्वपूर्ण है कि बच्चों पर किसका प्रभाव है, वे किसके साथ समय बिताते हैं और सोशल मीडिया या AI उनके विचारों को किस तरह प्रभावित कर रहे हैं।
उन्होंने आगे कहा कि लोगों की जिंदगी अब कई स्तरों पर चलती है और वे अक्सर अपनी एक अच्छी छवि बनाकर रखते हैं। ऐसे में किसी बच्चे की हरकतों के लिए सीधे उसके परिवार या माता-पिता को जिम्मेदार नहीं ठहराया जा सकता।
यह मामला 18 जून का है, जब लोनावला के पास लोहागढ़ किले की यात्रा के दौरान बिजनेसमैन केतन अग्रवाल की मौत हो गई थी। शुरुआत में इसे दुर्घटना माना गया, लेकिन बाद में मामला कथित हत्या में बदल गया। इस मामले में उनकी मंगेतर सिया गोयल और उनके कथित बॉयफ्रेंड चेतन चौधरी संदेह के घेरे में हैं।
सिया गोयल के माता-पिता ने भी दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। ANI से बातचीत में सिया के पिता प्रवीण गोयल ने कहा कि वह केतन को अपने बेटे जैसा मानते थे। उन्होंने कहा कि यदि उनकी बेटी दोषी पाई जाती है, तो उसके खिलाफ भी कड़ी से कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि सिया ने कभी शादी को लेकर किसी तरह की नाराजगी जाहिर नहीं की थी।
वहीं, पुलिस का कहना है कि सिया कथित तौर पर सगाई को आगे बढ़ाने को लेकर हिचकिचा रही थी। पुलिस के अनुसार, डिजिटल सबूत, लोकेशन डेटा और कॉल रिकॉर्ड से संकेत मिलते हैं कि यह हादसा नहीं बल्कि पहले से रची गई साजिश थी। दूसरी ओर, चेतन चौधरी के पिता ने सभी आरोपों को खारिज करते हुए कहा है कि उनके बेटे को झूठा फंसाया जा रहा है और उसका इस घटना से कोई संबंध नहीं है।
