राजस्थान की राजधानी जयपुर में चल रहे एक विरोध प्रदर्शन के दौरान ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (CJP) के संस्थापक और सोशल मीडिया एक्टिविस्ट अभिजीत दीपके के साथ मारपीट का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। नीट (NEET) पेपर लीक, चरमराती शिक्षा व्यवस्था और बढ़ती बेरोजगारी जैसे गंभीर मुद्दों को लेकर जयपुर में आयोजित एक विरोध प्रदर्शन में शामिल होने पहुंचे अभिजीत दीपके को भीड़ के बीच एक युवक ने एक के बाद एक कई थप्पड़ जड़ दिए। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों और जानकारी के मुताबिक, अभिजीत दीपके जब प्रदर्शन स्थल पर मौजूद थे और युवाओं के मुद्दों पर अपनी बात रख रहे थे, तभी अचानक भीड़ को चीरते हुए तीन युवक एक साथ उनके करीब पहुंचे। इससे पहले कि वहां मौजूद लोग कुछ समझ पाते, उनमें से एक युवक ने तेजी से आगे बढ़कर दीपके पर हमला कर दिया और उनके चेहरे पर ताबड़तोड़ कई थप्पड़ रसीद कर दिए। अचानक हुए इस हमले से प्रदर्शन स्थल पर अफरा-तफरी और हड़कंप मच गया।
घटना के वक्त मौके पर कानून-व्यवस्था संभालने के लिए भारी पुलिस बल तैनात था। थप्पड़बाजी की इस वारदात को देखते ही पुलिसकर्मियों ने तुरंत मुस्तैदी दिखाई और हमलावर युवक को भीड़ के बीच से दबोच लिया। पुलिस ने आरोपी को तुरंत हिरासत में लिया और उसे गाड़ी में बैठाकर विधायकपुरी थाने ले गई है। फिलहाल पुलिस हमलावर युवक और उसके साथियों से पूछताछ कर रही है कि आखिर इस हमले के पीछे का मुख्य कारण क्या था और क्या यह कोई सुनियोजित साजिश थी। वहीं, दूसरी ओर सोशल मीडिया पर इस घटना के बाद से ही तीखी प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं।
