NEET पेपर लीक मामला: लखनऊ के ईको गार्डेन में CJP का प्रदर्शन, शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के ईको गार्डन में शुक्रवार को युवाओं का एक बड़ा आंदोलन देखने को मिला। कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के नेतृत्व में बड़ी संख्या में एकत्रित हुए युवाओं ने देश और राज्य में हाल ही में हुए पेपर लीक और विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार सामने आ रही अनियमितताओं को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया।

लखनऊ के ईको गार्डेन में CJP का प्रदर्शन
लखनऊ के ईको गार्डेन में CJP का प्रदर्शन

Lucknow Eco Garden Protest: लखनऊ के ईको गार्डेन में शुक्रवार को बड़ी संख्या में युवाओं ने परीक्षा प्रणाली में कथित अनियमितताओं और पेपर लीक के मामलों के खिलाफ प्रदर्शन किया। यह विरोध प्रदर्शन कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के नेतृत्व में आयोजित किया गया, जिसमें दूर-दराज से आए कई छात्र और युवा शामिल हुए।

प्रदर्शनकारियों ने हाल के नीट पेपर लीक मामले को लेकर सरकार के खिलाफ नाराजगी जताई और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की। मौके पर मौजूद युवाओं ने जोरदार नारेबाजी करते हुए परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता और कड़े सुधारों की मांग उठाई।

प्रदर्शन को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए थे। ईको गार्डेन और आसपास के इलाकों में बड़ी संख्या में पुलिस बल और रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) की तैनाती की गई थी। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए बैरिकेडिंग भी लगाई गई और पूरे क्षेत्र पर निगरानी रखी गई।

आयोजकों की ओर से बताया गया कि यह आंदोलन केवल लखनऊ तक सीमित नहीं है, बल्कि इसे एक राष्ट्रव्यापी अभियान के रूप में आगे बढ़ाया जा रहा है। संगठन इससे पहले दिल्ली के जंतर-मंतर और पुणे में भी प्रदर्शन कर चुका है और आगे अमृतसर, बेंगलुरु तथा दिल्ली में बड़े स्तर पर प्रदर्शन की योजना है।

लखनऊ में प्रदर्शन के दौरान संगठन के संस्थापक अभिजीत दीपके ने कहा कि उनका आंदोलन शांतिपूर्ण रहेगा और इसका उद्देश्य केवल परीक्षा व्यवस्था में सुधार और छात्रों के हितों की रक्षा करना है।

प्रदर्शनकारियों ने यह भी कहा कि देशभर में अलग-अलग परीक्षाओं में सामने आ रही गड़बड़ियों ने युवाओं का भरोसा कमजोर किया है, इसलिए सरकार को इस मुद्दे पर गंभीर कदम उठाने चाहिए।

फिलहाल, प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है और पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था सख्त रखी गई है ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना से बचा जा सके।

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

© 2026 Breaking News Wale - Latest Hindi News by Breaking News Wale