UP Weather Update Today: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ समेत राज्य के कई हिस्सों में इस साल मई महीने की शुरुआत राहत भरी रहने वाली है। अमूमन मई के महीने में पड़ने वाली भीषण गर्मी और चिलचिलाती धूप इस बार थोड़ी शांत रहेगी। मौसम विभाग के ताजा अनुमान के मुताबिक, इस पूरे महीने मौसम में उतार-चढ़ाव का सिलसिला जारी रहेगा और बीच-बीच में होने वाली बारिश लोगों को तपिश से बचाती रहेगी।
मौसम वैज्ञानिक एम दानिश के अनुसार, शनिवार को मौसम पूरी तरह साफ रहने की उम्मीद है, जिसके बाद धीरे-धीरे बदलाव नजर आएगा। शनिवार से सोमवार के बीच तापमान में थोड़ी बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है, जिससे अधिकतम पारा 35 से 40 डिग्री सेल्सियस के बीच पहुंच सकता है। हालांकि, यह राहत ज्यादा दिनों तक नहीं रहने वाली क्योंकि 4 मई से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है।
वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि शुक्रवार रात के बाद से बारिश पर दो दिनों का ब्रेक लगेगा, लेकिन पूर्वी और तराई इलाकों में कहीं-कहीं बूंदाबांदी हो सकती है। 4 मई से सक्रिय होने वाले नए विक्षोभ के कारण प्रदेश में एक बार फिर आंधी-तूफान और बारिश का दौर शुरू होने की संभावना है। 5 मई को भी तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, जिससे तापमान में फिर से गिरावट आएगी।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 6 मई के बाद तापमान में एक बार फिर इजाफा होने के संकेत मिल रहे हैं। हालांकि मई के महीने में तराई के कुछ इलाकों में लू चलने वाले दिनों की संख्या सामान्य से अधिक रह सकती है, लेकिन बीच-बीच में होने वाली मानसूनी हलचल गर्मी के खौफ को कम रखेगी। पिछले कुछ दिनों से हो रही बारिश और ठंडी हवाओं के कारण फिलहाल सुबह और शाम का मौसम काफी सुहावना बना हुआ है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से बड़ी राहत मिली है।
