मालदा/सिलिगुड़ी: पश्चिम बंगाल के मालदा जिले के कालियाचक और सुजापुर इलाकों में हुई हालिया हिंसा और सांप्रदायिक तनाव के मामले में बंगाल पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने इस पूरे घटनाक्रम के मुख्य साजिशकर्ता माने जा रहे अधिवक्ता और एआईएमआईएम (AIMIM) नेता मोफक्करुल इस्लाम को गिरफ्तार कर लिया है। इस्लाम की गिरफ्तारी उस समय हुई जब वह सिलीगुड़ी के पास बागडोगरा हवाई अड्डे से राज्य छोड़कर भागने की कोशिश कर रहा था।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, मोफक्करुल इस्लाम के खिलाफ हिंसा भड़काने के पुख्ता सबूत मिलने के बाद से ही उसकी सरगर्मी से तलाश की जा रही थी। खुफिया जानकारी मिली थी कि वह गिरफ्तारी से बचने के लिए बागडोगरा एयरपोर्ट से उड़ान भरने वाला है, जिसके बाद पुलिस की एक विशेष टीम ने जाल बिछाकर उसे टर्मिनल के पास से धर दबोचा। पेशे से वकील होने के कारण इस्लाम को कानून की अच्छी समझ है, इसके बावजूद वह पुलिस की पैनी नजर से बच नहीं सका।
मोफक्करुल इस्लाम का राजनीतिक प्रोफाइल काफी सक्रिय रहा है और वह असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी AIMIM का पश्चिम बंगाल में एक प्रमुख चेहरा है। उसने साल 2021 के विधानसभा चुनाव में उत्तर दिनाजपुर जिले की इटाहार सीट से चुनाव भी लड़ा था। जांच में यह तथ्य सामने आया है कि पिछले दिनों सुजापुर और कालियाचक के आसपास हुए उग्र विरोध प्रदर्शनों का नेतृत्व इस्लाम ही कर रहा था। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या इस हिंसा के पीछे कोई गहरी सुनियोजित साजिश थी।
हाल ही में सोशल मीडिया पर एक वीडियो भी वायरल हुआ था, जिसमें इस्लाम बेहद आक्रामक तेवर में जिले के आला अधिकारियों को चुनौती देता नजर आ रहा था। वीडियो में वह जिला मजिस्ट्रेट (DM) और पुलिस अधीक्षक (SP) सहित जांच एजेंसियों जैसे CID और IB को खुलेआम ललकारते हुए चिल्ला रहा था। प्रशासन के खिलाफ इस तरह की भड़काऊ बयानबाजी और भीड़ को उकसाने के बाद से ही वह पुलिस के रडार पर था। फिलहाल मोफक्करुल इस्लाम पुलिस हिरासत में है और सुजापुर हिंसा में उसकी भूमिका को लेकर गहन पूछताछ की जा रही है।
