इंडियन प्रीमियर लीग की सबसे लोकप्रिय टीमों में से एक और मौजूदा डिफेंडिंग चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) अब नए मालिकों के हाथों में चली गई है। एक ऐतिहासिक सौदे के तहत आदित्य बिड़ला ग्रुप, टाइम्स ऑफ इंडिया ग्रुप, बोल्ट वेंचर्स और ब्लैकस्टोन ने मिलकर इस टीम को करीब 1.78 बिलियन डॉलर, यानी लगभग 16,706 करोड़ रुपये में खरीद लिया है। क्रिकबज की रिपोर्ट के अनुसार, यह सौदा यूनाइटेड स्पिरिट्स लिमिटेड के साथ हुआ है, जिसमें आरसीबी की पुरुष और महिला दोनों टीमों की 100 प्रतिशत हिस्सेदारी ट्रांसफर की जाएगी।
इस बड़े बदलाव के साथ ही टीम के प्रबंधन ढांचे में भी बदलाव किया गया है। नई ओनरशिप के तहत आदित्य बिड़ला ग्रुप के आर्यमान विक्रम बिड़ला टीम के चेयरमैन होंगे, जबकि टाइम्स ग्रुप के सत्यान गजवानी वाइस चेयरमैन की जिम्मेदारी संभालेंगे। इस कंसोर्टियम में बोल्ट वेंचर्स के डेविड ब्लिट्जर और ब्लैकस्टोन के वायरल पटेल भी साझीदार के तौर पर शामिल हैं। हालांकि, इस डील को अभी बीसीसीआई (BCCI) और कॉम्पिटिशन कमीशन ऑफ इंडिया जैसी रेगुलेटरी अथॉरिटीज से अंतिम मंजूरी मिलना बाकी है।
आदित्य बिड़ला ग्रुप के चेयरमैन कुमार मंगलम बिड़ला ने इस मौके पर कहा कि आईपीएल ने पिछले 20 वर्षों में क्रिकेट की पूरी तस्वीर बदल दी है और आरसीबी जैसी प्रतिष्ठित टीम के साथ जुड़ना उनके लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि वे इस टीम की विरासत को और आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। वहीं, टाइम्स ग्रुप के सत्यान गजवानी ने आरसीबी को एक वैश्विक स्पोर्ट्स ब्रांड बनाने का लक्ष्य रखा है। नए चेयरमैन आर्यमान बिड़ला ने भरोसा दिलाया कि टीम मैदान पर और फैंस के बीच अपनी ‘प्ले बोल्ड’ (Play Bold) अप्रोच को जारी रखेगी।
गौरतलब है कि आरसीबी की टीम वर्तमान में आईपीएल की डिफेंडिंग चैंपियन है। पिछले सीजन के फाइनल में पंजाब किंग्स को हराकर टीम ने पहली बार खिताब अपने नाम किया था। विराट कोहली की मौजूदगी के कारण इस टीम की फैन फॉलोइंग दुनिया भर में एक अलग ही स्तर पर है। आरसीबी के फैंस को क्रिकेट जगत के सबसे वफादार फैंस में गिना जाता है और अब खिताब जीतने के बाद इस टीम की ब्रांड वैल्यू और लोकप्रियता में भारी इजाफा हुआ है। इसी दिन राजस्थान रॉयल्स के भी बिकने की खबरें सामने आई हैं, जिससे आईपीएल के बिजनेस जगत में बड़ी हलचल मच गई है।
