बॉलीवुड में अपनी अलग पहचान बनाने वाली फिल्म धुरंधर के सीक्वल का इंतजार कर रहे फैंस के लिए बड़ी खबर सामने आई है। मेकर्स ने फिल्म के दूसरे पार्ट धुरंधर: द रिवेंज का ट्रेलर जारी कर दिया है, जिसने रिलीज से पहले ही दर्शकों की उत्सुकता को काफी बढ़ा दिया है।
डायरेक्टर आदित्य धर की इस फिल्म का पहला पार्ट अपनी दमदार स्टोरीटेलिंग और अलग अंदाज की फिल्ममेकिंग के लिए खूब चर्चा में रहा था। बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन के साथ इस फिल्म ने बॉलीवुड में एक नया ट्रेंड सेट करने का काम किया था। पहले ही दिन थिएटर में फिल्म के शुरुआती शो के बाद इसके सीक्वल की घोषणा कर दी गई थी, जिसके बाद से दर्शक इसके अगले भाग का बेसब्री से इंतजार कर रहे थे।
फिल्म में रणवीर सिंह एक बार फिर जासूस हमजा अली मजारी के किरदार में नजर आएंगे। पहले भाग में उनका किरदार एक अंडरकवर स्पाई के तौर पर दिखाया गया था, जो अपनी सीमाओं में रहकर मिशन को अंजाम देता है। हालांकि कई दर्शकों को लगा था कि फिल्म में विलेन के किरदार निभाने वाले अक्षय खन्ना, अर्जुन रामपाल और संजय दत्त को ज्यादा चमकने का मौका मिला।
पहले पार्ट के अंत में यह संकेत मिल गया था कि दूसरे भाग में हमजा अली मजारी कराची के अंडरवर्ल्ड में बड़ी भूमिका निभाने वाला है। अब नए ट्रेलर में साफ दिखाई दे रहा है कि उसका मिशन पहले से कहीं ज्यादा खतरनाक और बड़े स्तर का होने वाला है। कहानी में कराची के अंडरवर्ल्ड में चल रही सत्ता की लड़ाई, हिंसा और साजिशों की झलक भी देखने को मिलती है।
ट्रेलर में यह भी दिखाया गया है कि रहमान डकैत की मौत के बाद उजैर बलोच का किरदार और ज्यादा खतरनाक हो चुका है, जो कराची को तबाही की ओर धकेलना चाहता है। वहीं जमील जमाल की राजनीतिक चालें और तेज होती नजर आती हैं, जबकि शहर से अंडरवर्ल्ड को खत्म करने की जिम्मेदारी चौधरी असलम के कंधों पर दिखाई देती है।
फिल्म में एक और रहस्यमयी किरदार मेजर इकबाल का भी अहम रोल होने वाला है। पहले पार्ट में इस किरदार की सिर्फ झलक दिखाई गई थी, लेकिन ट्रेलर से संकेत मिलता है कि इस बार यह किरदार कहानी में खुलकर सामने आएगा और हमजा के मिशन पर भी असर डाल सकता है।
दर्शकों के बीच फिल्म को लेकर पहले से ही जबरदस्त उत्साह है। ऐसे में ट्रेलर के सामने आने के बाद यह उत्साह और बढ़ गया है। खास बात यह भी है कि टॉक्सिक के हटने के बाद ईद के मौके पर सिनेमाघरों में इस फिल्म को बड़ा फायदा मिल सकता है। फिल्म इंडस्ट्री के जानकार मानते हैं कि ईद के त्योहार पर रिलीज होने वाली यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर मजबूत शुरुआत कर सकती है।
