Valentine Week 2026: भारत में जागरूकता का स्तर तेजी से बढ़ रहा है और इसका सीधा असर लोगों की खरीदारी की आदतों पर दिख रहा है। साल 2026 के वैलेंटाइन वीक के दौरान पारंपरिक उपहारों जैसे फूल और चॉकलेट के साथ-साथ कंडोम और अन्य सेक्सुअल वेलनेस प्रोडक्ट्स की रिकॉर्ड तोड़ बिक्री दर्ज की गई है। क्विक कॉमर्स ऐप्स की ताजा रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस साल इन प्रोडक्ट्स की मांग ने साल 2025 के सभी पुराने रिकॉर्ड्स को पीछे छोड़ दिया है।
2025 की तुलना में तीन गुना ज्यादा ऑर्डर
इंस्टामार्ट की एक नई रिपोर्ट के अनुसार, 7 से 14 फरवरी के बीच सेक्सुअल वेलनेस कैटेगरी में साल-दर-साल तीन गुना बढ़ोतरी देखी गई है। यह आंकड़े चौंकाने वाले हैं क्योंकि लोग अब इन विषयों पर पहले की तुलना में कहीं अधिक खुलकर सोच रहे हैं और इन्हें ‘टैबू’ नहीं मान रहे हैं। ऑनलाइन माध्यमों से इन प्रोडक्ट्स को ऑर्डर करने की सुलभता ने भी इस बदलाव में बड़ी भूमिका निभाई है।
ब्यूटी और पर्सनल केयर में भी दिखा जबरदस्त क्रेज
वैलेंटाइन डे के मौके पर सिर्फ वेलनेस प्रोडक्ट्स ही नहीं, बल्कि ब्यूटी और पर्सनल केयर सेक्शन में भी ग्राहकों ने जमकर खरीदारी की। रिपोर्ट बताती है कि बाथ, बॉडी और मेकअप से जुड़े सामान लोगों के कार्ट में सबसे ज्यादा देखे गए। कटक के एक ग्राहक ने एक ही बार में 15,093 रुपये का मेकअप खरीदा, तो वहीं सूरत के एक ग्राहक ने हेयर केयर और बॉडी प्रोडक्ट्स पर 10,845 रुपये खर्च किए।
चॉकलेट और टेडी की डिमांड में भी बड़े रिकॉर्ड
पारंपरिक उपहारों का क्रेज भी कम नहीं हुआ है। टेडी डे पर सॉफ्ट टॉय की बिक्री में 568 प्रतिशत की जबरदस्त बढ़ोतरी देखी गई। कोलकाता में एक शख्स ने 25 हजार रुपये की चॉकलेट ऑर्डर कर सबको हैरान कर दिया। वहीं, वैलेंटाइन कार्ड्स भेजने के मामले में बेंगलुरु ने दिल्ली, मुंबई, हैदराबाद और चेन्नई जैसे बड़े महानगरों को भी पीछे छोड़ दिया है।
