Arjun Sharma Murder Case: उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में दिनदहाड़े हुई एक सनसनीखेज हत्या ने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया। 11 फरवरी की सुबह तिब्बती मार्केट के पास जीएमएस रोड स्थित अमरदीप गैस एजेंसी के मालिक अर्जुन शर्मा को स्कूटी सवार बदमाशों ने गोली मार दी थी। गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। शुरुआती जांच में यह मामला आपसी रंजिश का लग रहा था, लेकिन पुलिस की पड़ताल में जो सच्चाई सामने आई, उसने सभी को स्तब्ध कर दिया।
जांच में खुलासा हुआ कि इस हत्या की साजिश किसी और ने नहीं, बल्कि मृतक की मां ने रची थी। करोड़ों रुपये की प्रॉपर्टी को लेकर चल रहे विवाद ने रिश्तों को इस हद तक तोड़ दिया कि परिवार के भीतर ही हत्या की सुपारी दे दी गई।
पुलिस के मुताबिक करीब 14 करोड़ रुपये की जमीन की डील को लेकर विवाद चल रहा था। आरोप है कि अर्जुन की मां बीना शर्मा ने जमीन बेचकर खरीदार से आठ करोड़ रुपये ले लिए थे। बाद में अर्जुन ने कोर्ट से इस डील पर स्टे लगवा दिया, जिससे खरीदार को भुगतान के बावजूद कब्जा नहीं मिल सका। इसी बात को लेकर तनाव बढ़ा और कथित तौर पर साजिश रची गई।
सीसीटीवी फुटेज और नाकेबंदी के आधार पर पुलिस ने दो शूटरों—राजू और पंकज राणा—को गिरफ्तार किया। रायपुर और डोईवाला क्षेत्र में चेकिंग के दौरान दोनों ने पुलिस पर फायरिंग की, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में उनके पैर में गोली लगी और उन्हें दबोच लिया गया। मौके से 315 बोर के दो तमंचे, कारतूस और वारदात में प्रयुक्त स्कूटी बरामद हुई। पूछताछ में आरोपियों ने 12 लाख रुपये में हत्या की सुपारी लेने की बात कबूल की है, जिसमें तीन लाख रुपये एडवांस दिए जाने की जानकारी सामने आई है।
मामले में मृतक की मां बीना शर्मा, डॉ. अजय खन्ना और विनोद उनियाल को भी गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार व्हाट्सएप कॉल डिटेल, आपसी संपर्क और मृतक की दिनचर्या की रेकी जैसे अहम सबूत जांच टीम के हाथ लगे हैं।
एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि यह वारदात प्रॉपर्टी के लालच में रची गई सुनियोजित साजिश का नतीजा है। फिलहाल सभी आरोपी पुलिस हिरासत में हैं और मामले की विस्तृत जांच जारी है। यह घटना एक बार फिर दिखाती है कि संपत्ति के विवाद किस तरह रिश्तों को तार-तार कर सकते हैं।
