T20 World Cup 2026: भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाले आगामी मैच से पहले पाकिस्तान के स्टार ओपनर साहिबजादा फरहान ने टीम इंडिया को चेतावनी दी है। फरहान का मानना है कि पाकिस्तान इस बार भारत को कड़ी टक्कर देने के लिए तैयार है और मैदान पर जोरदार लड़ाई देखने को मिलेगी। यह बयान ऐसे समय में आया है जब भारतीय टीम पिछले कुछ समय से पाकिस्तान पर पूरी तरह हावी रही है।
हाल के वर्षों में भारत का पाकिस्तान के खिलाफ प्रदर्शन बेहद प्रभावशाली रहा है। एशिया कप में टीम इंडिया ने पाकिस्तान को तीन बार हराया और खिताब अपने नाम किया। वहीं सभी प्रारूपों को मिलाकर पिछले 10 मुकाबलों में भारत ने आठ मैच जीते हैं। पाकिस्तान को 2022 में एक जीत मिली थी, जबकि एक मुकाबला बेनतीजा रहा था।
पिछले एशिया कप के दौरान सूर्यकुमार यादव ने कहा था कि भारत-पाकिस्तान की प्रतिद्वंद्विता अब पहले जैसी नहीं रही। तिलक वर्मा समेत कुछ अन्य खिलाड़ियों ने भी इस बयान का समर्थन किया था। हालांकि, फरहान इससे इत्तेफाक नहीं रखते। उन्होंने कहा कि उनकी टीम ने पिछले टूर्नामेंट में भी मुकाबले को एकतरफा नहीं होने दिया था और अंत तक संघर्ष किया था।
फरहान ने कहा, “मेरे ख्याल से हमने आखिरी एशिया कप में जिस तरह खेला, उससे साबित हुआ कि मैच एकतरफा नहीं था। हमने अंत तक लड़ाई लड़ी। उम्मीद है कि इस बार हम और बेहतर प्रदर्शन करेंगे।”
भारत के खिलाफ फरहान का व्यक्तिगत रिकॉर्ड भी प्रभावशाली रहा है। उन्होंने तीन मैचों में 51.67 की औसत से 155 रन बनाए हैं, जिसमें दो अर्धशतक शामिल हैं। इस दौरान उन्होंने जसप्रीत बुमराह जैसे तेज गेंदबाजों का भी मजबूती से सामना किया है।
हालांकि, फरहान का कहना है कि वह भारत के खिलाफ मैच को किसी विशेष दबाव की तरह नहीं देखते। उन्होंने कहा, “जब आप रन बनाते हैं तो आत्मविश्वास बढ़ता है। मेरी पिछली दो पारियों ने मुझे काफी भरोसा दिया है। यह एक आम मैच है और हम इसे आम मैच की तरह ही खेलेंगे। हम भारत-पाकिस्तान मुकाबले का अतिरिक्त दबाव अपने दिमाग में नहीं रखेंगे।”
