बलूचिस्तान में बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी (BLA) द्वारा किए गए बड़े और सुनियोजित हमलों ने पाकिस्तान की सुरक्षा व्यवस्था को गंभीर चुनौती दी है। ‘ऑपरेशन हेरोफ’ के तहत BLA ने एक साथ 12 शहरों में टारगेटेड हमले कर पाकिस्तानी सेना, खुफिया एजेंसियों और आतंकी संगठनों को हिला कर रख दिया है। इन हमलों के बाद न सिर्फ सुरक्षा तंत्र की पोल खुली है, बल्कि पाकिस्तानी सेना प्रमुख जनरल आसिम मुनीर की रणनीति पर भी सवाल खड़े हो गए हैं।
इस पूरे घटनाक्रम में सबसे चौंकाने वाली बात यह सामने आई है कि जिस आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा को पाकिस्तानी सेना BLA के खिलाफ इस्तेमाल करने की कोशिश कर रही थी, वही संगठन अब खुद खौफ में नजर आ रहा है। लश्कर-ए-तैयबा के टॉप कमांडर राना मोहम्मद अशफाक का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें वह भावुक होकर रोता दिखाई देता है और इन हमलों को पाकिस्तान के 80 साल के इतिहास का सबसे बड़ा हमला बताता है।
वीडियो में राना अशफाक स्वीकार करता है कि BLA ने सिबी, मस्तूंग, खुज़दार, दालबंदीन, नोशकी, तुरबत, पंजगूर और क्वेटा समेत कई इलाकों में एक साथ हमले किए। उसके मुताबिक इन हमलों में बैंकों को आग के हवाले किया गया, सरकारी इमारतों को निशाना बनाया गया और मस्तूंग जेल को तोड़कर 27 कैदियों को छुड़ा लिया गया। इसके अलावा नोशकी में डिप्टी कमिश्नर और असिस्टेंट कमिश्नर को अगवा किया गया, हालांकि बाद में उनके छोड़े जाने की जानकारी सामने आई है।
राना अशफाक ने यह भी कबूल किया कि इन हमलों में स्थानीय बलूच आबादी का BLA को मिल रहा समर्थन पाकिस्तान के लिए सबसे बड़ा खतरा बन चुका है। उसने माना कि आम लोग डरने की बजाय BLA लड़ाकों के साथ खड़े होकर वीडियो बना रहे थे, जो इस बात का संकेत है कि राज्य की पकड़ कमजोर होती जा रही है। एक आतंकी कमांडर द्वारा BLA को ‘आतंकी संगठन’ कहकर उसकी ताकत और रणनीति से डर जताना पाकिस्तान की आंतरिक स्थिति की गंभीरता को दर्शाता है।
खुफिया रिपोर्टों के अनुसार राना मोहम्मद अशफाक वही व्यक्ति है, जो बलूचिस्तान में लश्कर-ए-तैयबा का नेटवर्क फैलाने और पाकिस्तानी सेना समर्थित गुटों के साथ मिलकर गतिविधियां चलाने में सक्रिय रहा है। इसके बावजूद BLA के हमलों ने न केवल लश्कर-ए-तैयबा, बल्कि पूरे पाकिस्तानी सुरक्षा तंत्र की नींद उड़ा दी है।
कुल मिलाकर ‘ऑपरेशन हेरोफ’ ने यह साफ कर दिया है कि बलूचिस्तान में हालात सिर्फ सैन्य ताकत के सहारे काबू में नहीं आने वाले हैं। BLA की बढ़ती ताकत, स्थानीय समर्थन और समन्वित रणनीति पाकिस्तान के लिए एक गंभीर और गहराते संकट की ओर इशारा कर रही है।
