अजित पवार के निधन के बाद एनसीपी में हलचल, सुनेत्रा पवार को उपमुख्यमंत्री बनाने पर चर्चा तेज

अजित पवार के अंतिम संस्कार के बाद उनके परिवार और एनसीपी में भविष्य की रणनीतियों पर चर्चा शुरू हो गई है। पार्टी सूत्रों के अनुसार सुनेत्रा पवार को उपमुख्यमंत्री बनाने की चर्चा तेज हो गई है, वहीं पार्टी के अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी प्रफुल्ल पटेल को सौंपे जाने की तैयारी की जा रही है।

NCP Succession: महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार के निधन के बाद राजनीति में हलचल तेज हो गई है। अजित पवार के अंतिम संस्कार के बाद उनके परिवार और एनसीपी में भविष्य की रणनीतियों पर चर्चा शुरू हो गई है। पार्टी सूत्रों के अनुसार सुनेत्रा पवार को उपमुख्यमंत्री बनाने की चर्चा तेज हो गई है, वहीं पार्टी के अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी प्रफुल्ल पटेल को सौंपे जाने की तैयारी की जा रही है।

गुरुवार को अजित पवार के अंतिम संस्कार में शामिल हुए एनसीपी के वरिष्ठ नेताओं ने पार्टी के भविष्य और सरकार में भागीदारी को लेकर मंथन किया। अंतिम संस्कार के बाद प्रफुल्ल पटेल और मंत्री छगन भुजबल ने सुनेत्रा पवार से मुलाकात की और उन्हें पार्टी के भविष्य पर गंभीरता से विचार करने का आग्रह किया। हालांकि इस दौरान सुनेत्रा पवार ने कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी।

सूत्रों के मुताबिक एनसीपी के बड़े नेता चाहते हैं कि सुनेत्रा पवार उपमुख्यमंत्री का पद संभालें, जबकि प्रफुल्ल पटेल को पार्टी अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी मिले। एनसीपी मंत्री नरहरि झिरवाल ने कहा कि जनता भी चाहती है कि सुनेत्रा पवार को मंत्रालय में लाया जाए। गौरतलब है कि वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव में सुनेत्रा पवार ने बारामती सीट से सुप्रिया सुले के खिलाफ चुनाव लड़ा था, जहां उन्हें हार मिली थी। इसके बाद उन्हें राज्यसभा भेजा गया, और वह वर्तमान में राज्यसभा की सदस्य हैं।

फिलहाल सुनेत्रा पवार बारामती में हैं और अंतिम संस्कार की प्रक्रिया में लगभग 12 दिनों तक यहीं रहेंगी। अजित पवार के निधन के बाद बारामती विधानसभा सीट खाली हो गई है। एनसीपी को यह भी तय करना है कि आगामी उपचुनाव में बारामती सीट से पार्थ पवार को उतारा जाए या सुनेत्रा पवार को। पार्टी के राजनीतिक गलियारों में यह भी चर्चा है कि स्थानीय निकाय चुनावों में अजित पवार और शरद पवार की एनसीपी ने मिलकर लड़ाई लड़ी थी। चुनाव के बाद दोनों गुटों के विलय की संभावनाएं थीं, लेकिन अजित पवार के आकस्मिक निधन के कारण यह अब टल गया है।

एनसीपी सूत्रों के मुताबिक, देवेंद्र फडणवीस सरकार में उपमुख्यमंत्री रहे अजित पवार के पास वित्त, नियोजन और आबकारी जैसे महत्वपूर्ण विभाग थे। पार्टी उन विभागों को एनसीपी कोटे के मंत्री को सौंपने के लिए मुख्यमंत्री से पत्र लिखने की तैयारी कर रही है। महाराष्ट्र में एनसीपी तीसरी सबसे बड़ी पार्टी है, जिसके पास राज्य विधानसभा में 41 विधायक हैं। लोकसभा में पार्टी का प्रतिनिधित्व केवल सुनील तटकरे के माध्यम से है, जबकि राज्यसभा में कुल तीन सदस्य हैं, जिनमें प्रफुल्ल पटेल और सुनेत्रा पवार शामिल हैं।

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

© 2026 Breaking News Wale - Latest Hindi News by Breaking News Wale